Localnews
कंडेरा गांव की बेटी डॉ. सुनीता सिंह को हिमाचल प्रदेश का उच्च शिक्षा निदेशक नियुक्त किए जाने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अतिरिक्त निदेशक (कालेज) के पद से पदोन्नत होकर वह इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी तक पहुंची हैं। गांव निवासी ओमप्रकाश अहलावत और धर्मवीरी की पुत्री सुनीता अहलावत चार बहनों में सबसे बड़ी हैं। उनके पिता हिमाचल प्रदेश के वन विभाग से डिप्टी डायरेक्टर से रिटायर हुए। वहीं डॉ. सुनीता सिंह की नियुक्ति की सूचना मिलते ही कंडेरा गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। चचेरे भाई सुनील अहलावत गांव में ही रहते हैं। उन्होंने और अन्य स्वजन विक्रम सिंह अहलावत, ओमपाल सिंह अहलावत, रवि अहलावत ने उनकी कामयाबी पर खुशी जताई। ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। सुनीता सिंह लंबे समय से उच्च शिक्षा विभाग में विभिन्न प्रशासनिक और शैक्षणिक दायित्वों का निर्वहन कर चुकी हैं। उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं में नई शिक्षा नीति (एनईपी) का प्रभावी क्रियान्वयन, कालेजों में स्किल एजुकेशन के नए पाठ्यक्रमों का विस्तार, विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ना तथा उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार को प्रमुखता देने की बात कही है।